महोबा। थाना कबरई के कौहारी गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों के ताले तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। एक अन्य मकान का ताला तोड़ा लेकिन माल नहीं ले जा सके। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कौहारी गांव निवासी ओमप्रकाश साहू के घर बुधवार की रात चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे। परिजन एक कमरे में सोते रहे जबकि चोर दूसरे कमरे में बक्से का ताला तोड़कर एक सोने की माला, एक मछली, दो जोड़ी पायल, चांदी की हाफ पेटी, चांदी व सोने की एक-एक जोड़ी झुमकी और चार हजार रुपये चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोर गांव के पप्पू के घर से सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल, सोने की एक बेसर चोरी कर लिया। इसी तरह सियाराम यादव के घर से पांच हजार रुपये व कपड़े चोर ले गए।
इसी गांव के सिद्धा के मकान का ताला तोड़ा लेकिन सफल नहीं हो सके। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच कराई जा रही है।