चरखारी कोतवाली में सराफा व्यापारियों के साथ बैठक करते सीओ चरखारी
- फोटो : MAHOBA
चरखारी (महोबा)। सीओ राजकुमार पांडेय ने कहा कि सभी व्यापारी दुकानों में सीसीटीवी कैमरा जरूर लगवाएं। इससे अपराधियों में भय बना रहता है। यदि कोई घटना होती है तो अपराधी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। सीओ गुरुवार को कोतवाली परिसर में आयोजित सराफा व्यापारियों के साथ बैठक कर रहे थे। वहीं कोतवाली प्रभारी श्रवण कुमार सिंह ने कहा कि सराफा व्यापारियों को ज्यादा रकम लेकर आभूषणों की खरीदारी करने जिले के अंदर 25 से 30 किलोमीटर तक जाना है तो वह कोतवाली में आकर सुरक्षा भी ले सकते हैं। इनकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भेजे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि दिवाली व धनतेरस के दौरान दुकानों पर भीड़ रहेगी। अराजक व अपराधी तत्व दुकानों में आकर छेड़छाड़ और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। इसको लेकर सभी लोग सतर्क रहे। यदि कोई संदिग्ध नजर आता है, तो पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने चिन्हित स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश थानेदार को दिए। बैठक में नीरज सोनी, रामजी सोनी, अखिलेश सोनी, अशोक महाराज, निलेश सोनी, शिवम सोनी, श्रीराम सोनी, दीपक सोनी, रामसेवक सोनी के अलावा सदर चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह, दरोगा शिव शंकर सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।