फोटो 23 एमएएचपी 02 परिचय-जानकारी देते अजीत अरोरा। संवाद
महोबा। बुंदेलखंड की धरती में फिल्म निर्माण के लिए काफी संभावनाएं हैं और यहां के युवाओं में भी अभिनय के प्रति जनून है। भोजपुरी की तरह बुंदेलखंड में भी फिल्म निर्माण के प्रयास किए जाएं तो यहां की अच्छी लोकेशन पर फिल्मों की शूटिंग संभव है। यह बात भोजपुरी फिल्मों के कलाकार अजीत अरोरा ने कही। वे बुंदेलखंड में फिल्मों के निर्माण की संभावनाएं तलाशने के लिए महोबा आए।
झारखंड के हजारीबाग के रहने वाले अजीत अरोरा झारखंड फिल्म निर्माता संघ के सदस्य हैं और 12 से अधिक भोजपुरी फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। पटना के बाबू फिल्म में विधायक, नईहर के चुनरी में मुनीम जैसे किरदार निभाने वाले अजीत ने बताया कि डायरेक्टर राजेश मिश्रा की फिल्म आ भी जाओ पिया अब बनकर तैयार हैं। इस फिल्म में भी वे अहम किरदार निभा रहे हैं। इसके साथ ही डायरेक्टर गजानन पाठक के निर्देशन में बन रही भोजपुरी फिल्म जगद्गुरु श्रीरामकृष्ण में हल्धारी पंडित का रोल भी अजीत निभा रहे हैं। जल्द ही ओटीटी पर ये फिल्म रिलीज होगी। फिल्म निर्माण के लिए वे नई लोकेशन की तलाश करने के लिए बुंदेलखंड के दौरे पर आए हैं। महोबा समेत आसपास के क्षेत्रों में घूमकर उन्होंने कई लोकेशन देखी हैं और स्थानीय लोगों से मिलकर आसपास के अन्य लोकेशन के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। इसके बाद इस क्षेत्र में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को लेकर भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर्स को लेकर आएंगे।
महोबा के देवेंद्र करेंगे भोजपुरी फिल्म में अभिनय
महोबा। शहर के भटीपुरा मोहल्ले में रहने वाले देवेंद्र रैकवार अब भोजपुरी फिल्म में अभिनय करेंगे। बुंदेलखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाएं तलाश रहे अजीत के संपर्क में आने के बाद देवेंद्र का पंजीयन झारखंड फिल्म निर्माता संघ में कराया गया है। देवेंद्र बताते हैं कि ऑनलाइन ऑडिशन आदि के जरिए उनको तेरे बिन न जी सकेंगे सनम भोजपुरी फिल्म में कलाकार के रूप में चुना गया है। फिल्म डायरेक्टर आकाश योगी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में देवेंद्र को विलेन का रोल मिला है और इसी फिल्म में अजीत अरोरा को फिल्म के हीरो के पिता रहमान का रोल मिला है। देवेंद्र के अनुसार जल्द ही फिल्म की शूटिंग के लिए वे पटना जाएंगे।