फोटो 04 एमएएचपी 23 परिचय-गोरखगिरि पहाड़ के पास अवैध कब्जा ढहाती जेसीबी। स्रोत: विभाग
महोबा। शहर के रहलिया मौजे पर गोरखगिरि पहाड़ के पास भूमि पर किए गए अवैध कब्जों पर बृहस्पतिवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा। उच्चाधिकारियों की ओर से गठित संयुक्त टीम ने भूमि से अतिक्रमण हटाकर इसे संबंधित विभागों के सुपुर्द किया। अतिक्रमण हटाओ अभियान की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मची रही।
नगर पालिका, वन विभाग और विनिमय क्षेत्र के अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। शहर के गोरखगिरि पहाड़ के समीप आशाराम की ओर से दुकान व गुमटी बनाकर किए गए अवैध कब्जे को जेसीबी से हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इसी मौजे में अवैध कब्जा कर तारबाड़ी लगाकर कृषि कार्य के लिए उपयोग की जा रही भूमि को भी कब्जा मुक्त कराया गया। इसी मौजे में शहर के मलकपुरा निवासी अंजना की ओर से तारबाड़ी लगाकर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। इसके बाद भूमि को संरक्षण और अनुरक्षण के लिए संबंधित विभागों के सुपुर्द किया गया। एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने बताया कि भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। अतिक्रमणकारियों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई है।