बोर्ड की बैठक लेती पालिका अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका परिषद चरखारी बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2017-18 के विकास कार्य के लिए 17.26 करोड़ का बजट स्वीकृत किया गया। इसमें बिजली पानी की समस्या के निस्तारण के साथ पार्कों और तालाबों का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष रुखसाना खातून की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड की बैठक में रियासतकालीन स्टेट चरखारी के कायाकल्प के लिए विकास का मसौदा तैयार किया गया। बोर्ड की बैठक में चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा कि कस्बा चरखारी को पर्यटन के रूप में विकसित किया जाएगा। पुराने राजमहल को हेरिटेज में शामिल कर तालाबों का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
बैठक में विद्युत, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ सफाई व विकास पर चर्चा की गई। लेखाकार अय्यूब खान ने आय व्यय का वार्षिक लेखाजोखा प्रस्तुत किया। पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुईनुद्दीन ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए पालिका परिषद द्वारा प्रस्तावित विकासशील योजनाओं में सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में सभासद गुलाम मुहम्मद, मुहम्मद अंसार, नवनीत सिंह, नीरज सोनी, आतिफ हासिमी, वरिष्ठ लिपिक नरेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।