ग्राम सुनैचा में आग बुझाते ग्रामीण व कुलपहाड़ में आग से खाक पड़ा आशियाना
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर हुईं अगिभनकांड में लाखों का नुकसान हो गया। पीड़ितों ने पुलिस व राजस्व विभाग के कर्मचारियों को घटना की सूचना देकर सरकारी सहायता दिलाए जाने की मंाग की है।
कोतवाली कुलपहाड़ के गांव सुंगिरा निवासी अर्जुन सेन होमगार्ड है। गुरुवार की रात वह परिवार के साथ सो रहा था। रात करीब दो बजे मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें व धुएं का गुबार भरने पर परिजन जाग गए। इसके बाद किसी तरह बाहर निकल अपनी जान बचाई।
आधी रात में चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। सभी ने मिलकर पानी लाकर आग पर काबू पाया। आग से मकान में रखे आभूषण, गृहस्थी, खाद्यान्न कपड़े व अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर मकान में आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम कुलपहाड़ को घटना से अवगत कराया है। लेखपाल ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
उधर, थाना कबरई के गांव सुनैचा निवासी नवल पुत्र जवाहर के मकान में शुक्रवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे मकान में रखी 30 हजार की नगदी, 10 बोरा गेहूं, दो बोरा मसूर, दो बोरा लाही, एक बोरा अलसी समेत करीब ढाई लाख रुपये कीमत का माल जल गया। आग बुझाने के बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। लोगों का कहना है कि यदि समय पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी आ जाती तो नुकसान होने से बचाया जा सकता था।