रैली को संबोधित करते बाबूसिंह कुशवाहा
- फोटो : अमर उजाला
मेला ग्राउंड पर शुक्रवार को जन अधिकार मंच की रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष औैर पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबूसिंह कुशवाहा ने कहा कि मायावती की बसपा में दलितों और पिछड़ों का सम्मान नहीं है। कांशीराम की बहुजन समाज पार्टी में दलितों,पिछड़ों, गरीबों की मदद की जाती थी।
मायावती ने सरकार में दलितों और पिछड़ों की कोई मदद नहीं की। इसके विरोध पर झूठे इल्जाम मेें जेल पहुंचा दिया गया। बाबूसिंह कुशवाहा ने कहा कि एनआरएचएम मामले से मेरा कोई लेना देना नहीं था । मैं इस विभाग का मंत्री भी नहीं था।
दो डाक्टरों की हत्या होने के बाद मेरा इस्तीफा ले लिया गया था। डाक्टरों के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। अब चार साल बाद आपके बीच में आया हूं। 2017 के चुनाव में मंच के उम्मीदवाराें को विधायक बनाकर विधान सभा भेजें, तभी पिछड़े और दलितों को न्याय मिलेगा।
कुशवाहा समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कुशवाहा समाज के साथ साथ पिछड़े और दलित वर्ग को एकजुट होने की जरूरत है। तभी समाज का भला हो सकेगा। पिछड़े वर्ग के लोग विधानसभा पहुंचेंगे। रैली को छतरपुर की सुनीता कुशवाहा, किरन कुशवाहा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दुलीचंद्र कुशवाहा, डा. अखिलेश कुशवाहा, जन अधिकार मंच के नेता कुलदीप कुशवाहा, मानसिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया।