महोबा/कबरई। कानपुर-सागर हाईवे पर कस्बा कबरई में पांडेय पुलिया के पास रविवार की सुबह तेज रफ्तार बोल्डर लदे डंपर ने बाइक सवार दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की तलाश शुरू कर दी है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। दोनों के सिर व शरीर में गंभीर चोटें लगी थीं।
चित्रकूट के शंकर बाजार कर्वी निवासी सोनू सोनी (32) और उसका दोस्त अश्विनी सोनी (30) सराफा की दुकान किए हैं। दोनों बाइक से सुबह करीब छह बजे व्यापार के काम से कानपुर जा रहे थे। पांडेय पुलिया के पास डंपर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। चालक एक युवक को कुचलते हुए निकल गया। खून से लथपथ पड़े घायलों को सीएचसी कबरई पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने अश्विनी को मृत घोषित कर दिया जबकि सोनू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसकी भी मौत हो गई।
सोनू के बड़े भाई विनोद ने आरोप लगाया कि सीएचसी कबरई में इलाज में लापरवाही बरती गई। घायल को स्ट्रेचर तक नहीं दिया गया। यदि समय से इलाज मिलता तो सोनू की जान बच सकती थी। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसा कैद है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक व डंपर की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।