अजनर (महोबा)। थाना अजनर के आरी गांव में बुधवार को कुएं में एक वृद्ध का शव उतराता मिला। मृतका की पहचान भागवती (65) के रूप में हुई। वह 19 अक्तूबर से लापता थीं।
आरी निवासी बालादीन ने बताया कि भागवती की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। कुछ दिन पहले उन्हें इलाज के लिए जनपद आगरा ले जाया गया था। वहां चिकित्सक को दिखाने के बाद उनकी दवा चल रही थी। इससे पहले भी वह लापता हो गई थीं और तलाश के दौरान दूसरे गांव में मिली थीं। उनके लापता होने के बाद परिजन तलाश कर रहे थे। कुएं में शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।