महोबा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में इस बार ज्यादा कड़ाई रहेगी। नकलविहीन व पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने के लिए जिले को तीन जोन में बांटा गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर इस बार नाइट विजन सीसीटीवी कैमरों के साथ ही वाॅयस रिकाॅर्डर स्थापित किए गए हैं। जिला व बोर्ड स्तर से प्रत्येक परीक्षा केंद्र के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।
एडीएम रामप्रकाश ने परीक्षा केंद्र के एक किमी के दायरे में फोटोकॉपी की दुकानों को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि विस्तारण यंत्रों पर रोक लगाई गई है। डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार जिले में 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इनमें महोबा तहसील क्षेत्र में 15, चरखारी में पांच व कुलपहाड़ तहसील क्षेत्र में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्राें पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 22,318 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के दौरान सतर्कता के लिए तीन जोनल, नौ सेक्टर व 32 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 32 केंद्र व्यवस्थापक और 32 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक तैनात रहेंगे। डीआईओएस, बीएसए, राजकीय हाईस्कूल सिजहरी के प्रधानाचार्य व राजकीय हाईस्कूल रावतपुरा के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में चार अलग-अलग सचल दस्ते नियुक्त किए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से 12 मार्च तक दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम 5.15 बजे तक होगी।