भाजपा कार्यकर्ताओं ने सैकड़ों किसानाें के साथ मिल बिजली, पानी, मुआवजा राशि न मिलने जैसे तमान मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। बर्बाद फसलों के बदले से दी जा रही सूखा राहत की चेकों के वितरण में धांधली और लापरवाही पर पर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद भाजपाइयों ने तहसील पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
कस्बे में शुक्रवार को भाजपाइयों ने सैकड़ों किसानों की मौजूदगी में धरना प्रर्दशन कर बिजली, पेयजल, बेरोजगारी और चेक वितरण की मांगों को बुलंद किया। भाजपा जिलाध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता उमा शंकर मिश्रा के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता रोडवेज बस स्टैंड में एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं और किसानों ने जुलूस निकालकर बाजार और मंडी से होकर तहसील पहुंचे प्रर्दशनकारियों ने प्रदेश सरकार की नाकामियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की। पूर्व जिला महासचिव जितेंद्र सेंगर ने प्रदेश सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि जनता बिजली और पेयजल समस्या से जूझ रही है। समूचे बुंदेलखंड में दैवीय आपदा, तबाही से किसानों के साथ-साथ आम जन मानस बर्बाद है। बेरोजगारी से परेशान लोग शहरों की ओर पलायन कर रहे है। इसके बाद भी प्रदेश सरकार सूखा राशि का वितरण नहीं करा पा रही है। राहत राशि के लिए किसान तहसीलों के चक्कर काट रहे है। जहां राजस्व कर्मचारी किसानों को सही सूचना नहीं दे रहे है। इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, महामंत्री महेंद्र गुरुदेव ने भी सपा सरकार को विफल बताते हुए समाज में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं के लिए सरकार को जिम्मेदार बताया। इस मौके पर दीपू पटैरिया, सुनीता राजपूत सहित भाजपा कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।