संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। शहर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान छात्रों को महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात कर देश सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। विद्या भारती कानपुर प्रांत के बुंदेलखंड संभाग के निरीक्षक शिवकरण ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए दोनों महापुरुषों के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का अदम्य साहस व लोकमान्य तिलक की राष्ट्रनिष्ठा आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। प्रधानाचार्य कमलेश सिंह ने महापुरुषों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए। अरुण कुमार ने लोकमान्य तिलक के ऐतिहासिक नारे स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है की प्रासंगिकता और चंद्रशेखर आजाद के बलिदान की गाथा से छात्र-छात्राओं को अवगत कराया। इस मौके पर वरिष्ठ आचार्य जयनारायण तिवारी आदि मौजूद रहे।