महोबा/चरखारी। कानपुर-सागर हाईवे में लुहेड़ी गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रहे वाहन से बचने के चक्कर में फिसल गई। दुर्घटना में महिला की मौत हो गई जबकि पति व उसके दो बच्चे घायल हो गए। एक अन्य घटना में स्टेशन जा रहा ऑटो पलट गया।
जनपद छतरपुर के पंदपुरा गांव निवासी भगत सिंह अपनी पत्नी मंजू (25), पुत्र ज्ञान सिंह (07) व पुत्री दीक्षा (05) के साथ बाइक से जनपद फतेहपुर गया था। रविवार की दोपहर लौटते समय यूपी-एमपी की सीमा में सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे दंपती व बच्चे घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मंजू के सिर पर गंभीर चोट होने और अधिक खून बहने के चलते उसकी मौत हो गई जबकि पति व बच्चों को मामूली चोटें आने पर उनका इलाज किया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और महिला की जान चली गई।
चरखारी संवाद के अनुसार रविवार को एक ऑटो सवारियां भरकर सूपा रेलवे स्टेशन जा रहा था। तभी सूपा चौकी के समीप स्पीड ब्रेकर में अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को ऑटो से बाहर निकाला। यात्रियों को मामूली चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।