पनवाड़ी (महोबा)। थाना महोबकंठ क्षेत्र में रविवार की रात पिपरी गांव के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटपाट की। भाई के साथ बाइक से जा रही बहन और उसकी जेठानी के जेवर, नकदी व मोबाइल लूट लिया। बाद में बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह और सीओ कुलपहाड़ अरुण कुमार सिंह ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
थाना महोबकंठ के इमिलिया गांव निवासी गोमती अपनी जेठानी रामकुमारी के साथ रक्षाबंधन पर्व पर मायके थाना अजनर के पसानाबाद गांव गई थी। रक्षाबंधन व जन्माष्टमी पर्व होने के बाद रविवार की देर शाम गोमती अपने भाई देशराज और जेठानी के साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी पिपरी गांव की पुलिया के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। धक्का मारकर बाइक समेत तीनों को गिराने के बाद बदमाशों ने देशराज पर तमंचा लगा दिया।
इसके बाद महिलाओं से सोने का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, झुमकी व अन्य आभूषणों के साथ तीन हजार की नकदी व मोबाइल लूट लिया। लुटे पिटे पीड़ितों ने थाना महोबकंठ पहुंच पूरी घटना बताते हुए तहरीर दी। पीड़ित देशराज ने बताया कि पहले बाइक से दो बदमाश आए। कुछ देर में ही दूसरी बाइक से दो और युवक आ गए। जिन्हें मारपीट करते हुए लूटपाट की। एसपी व सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की। घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के सीएचसी भेजा गया। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सरोज का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।