महोबा/चरखारी। मुस्करा-चरखारी मार्ग पर अर्जुन नहर के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। इससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और जान चली गई।
जनपद हमीरपुर के गहरौली गांव निवासी नंदकिशोर कुशवाहा (40) शुक्रवार की दोपहर बाइक से किसी कार्य से कस्बा चरखारी आया था। वापस लौटते समय मुस्करा मार्ग पर अर्जुन नहर के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से भिड़ंत हो गई। बाइक के आगे का हिस्सा बस के अंदर घुस गया। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लिया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।