बेलाताल (महोबा)। संयुक्त विकास आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल व मंडलीय स्टेट क्वालिटी मॉनिटर (मनरेगा) की संयुक्त टीम ने कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल में निर्मित हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि नर्सरी में उच्च गुणवत्तायुक्त पौधे तैयार कर किसानों को न्यूनतम दरों में उपलब्ध कराए जाएं। इससे जनपद में औद्यानिक फसलों के क्षेत्रफल में वृद्धि होगी।
संयुक्त विकास आयुक्त अरविंद कुमार व डीसी मनरेगा अशोक कुमार ने हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण करने के बाद पत्रावलियों को देखा। टीम ने नर्सरी में कराए गए कार्याें की सराहना की। उद्यान अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने टीम को बताया कि पानी की व्यवस्था न होने से हाईटेक नर्सरी का संचालन नहीं हो पा रहा है। निर्माण करने वाली फर्म को बोरिंग के लिए धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। शीघ्र ही बोरिंग होगी। इसके बाद नर्सरी को हैंडओवर किया जाएगा। इसके बाद नर्सरी में पौधे तैयार होंगे। इससे किसानों को नर्सरी से उच्च गुणवत्ता युक्त पौधे आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे। इस दौरान उद्यान निरीक्षक देवीचरण कुशवाहा आदि मौजूद रहे।