खरेला (महोबा)। खरेला-मुस्करा मार्ग में आईटीआई कॉलेज के समीप तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार किसान को टक्कर मार दी। हादसे में घायल किसान की जिला अस्पताल लाते समय मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।
कस्बा खरेला के मोहल्ला मानिक निवासी सुरेंद्र अनुरागी (48) पुत्र स्व. बलराम अनुरागी के पास चार बीघा जमीन है, जिसमें वह खेती किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार की रात करीब 10 बजे वह खेत की रखवाली करके बाइक से घर वापस लौट रहा था, तभी आईटीआई कॉलेज खरेला के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे किसान उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद अज्ञात चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर खून से लथपथ पड़े किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। बाइक सवार के हेलमेट नहीं लगाए था। परिवार के मुखिया की मौत से मृतक की पत्नी शिवा कुमारी, पुत्री साक्षी, आकृति, समीक्षा व हनी और पुत्र आशीष व उत्कर्ष का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।