प्रांतीय आह्वान पर जिले में निकाली गई साइकिल यात्रा का गांव-गांव और गली कूचे में जोरदार स्वागत किया गया। साइकिल यात्रा के जरिए सपाइयों ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लोगों को बताया। साइकिल यात्रा के प्रति कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। बुधवार को जिले भर में जगह-जगह लाल टोपी लगाए सपाई साइकिलों में नजर आए।
शहर में पार्टी कार्यालय से पूर्व विधायक सिद्ध गोपाल साहू और नगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई, जो आल्हा चौक, ऊदल चौक, सुभाष चौक, मेन बाजार, तहसील चौराहा सहित शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए गली कूचों में जाकर साइकिल यात्रा के जरिए सरकार की उपलब्धियां बताई। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, अब्दुल सलाम, प्राण सिंह यादव, रामदयाल नरवरिया, अशोक गुप्ता सहित तमाम सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कबरई प्रतिनिधि के अनुसार कबरई ब्लाक प्रभारी छत्रपाल यादव, सहप्रभारी प्रभात पाठक के नेतृत्व में बुधवार को कस्बे से साइकिल यात्रा निकाली गई। साइकिल यात्रा में भारी भीड़ जुटी। साइकिल यात्रा कबरई नगर से होते हुए कबरई देहात, महेवा, लिलवाही, परसहा आदि गांव में पहुंची। जहां पर प्रदेश सरकार की उपब्धियां गिनाई। बेलाताल प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के घुसियाना मुहाल से सपा पूर्व जिलाध्यक्ष अजयराज यादव और भागीरथ यादव के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई, साइकिल यात्रा कुड़ई, गुड़ा, छितरवारा, अमानपुरा पहुंची जहां पर सरकार की योजनाएं बताई गईं। इस मौके पर बलराम बनाफर, गोकुल श्रीवास सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। चरखारी प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में साइकिल यात्रा की शुरूआत विधायक उर्मिला राजपूत ने हरी झंडी दिखाकर कराई। साइकिल यात्रा ड्योढ़ी दरवाजा, झंडा चौराहा, बीपार्क, रायनपुर, रूपनगर, हाथीखाना होते हुए गली अलग अलग मुहल्लों में पहुंची, जहां पर साइकिल यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। साइकिल यात्रा में सपा जिलाध्यक्ष बाबू मंसूरी, मुईनुद्दीन मुइयां, अब्दुल तारिक, गुलाम मोहम्मद, न्याज अहमद, जगदेव यादव सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। पनवाड़ी प्रतिनिधि के मुताबिक पूर्व विधायक कप्तान सिंह राजपूत ने डाकबंगला प्रांगण से साइकिल यात्रा निकाली, जो सिमरिया, बुड़ेरा, उल्दन, लोधीपुरा होते हुए तुर्रा शेरगढ़ में शाम को समाप्त हुई। सपा कार्यकर्ता रामेश्वर राजपूत, खेमचंद्र, अर्जुन रैकवार, रसीद अंसारी, सवा हाशमी, रहीश यादव मौजूद रहे।