महोबा। आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश अभियान के तहत एनआईसी कलक्ट्रेट में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री ने सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों और कोरोना आपदा के दौरान आने वाले श्रमिकों से संवाद किया।
डीएम एके तिवारी ने जिले से ऑनलाइन ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थी भटीपुरा महोबा की प्रतिमा निगम को ब्यूटी पार्लर के लिए चार लाख रुपये, गौरहारी के नंदकिशोर गौरा स्टोन के लिए पांच लाख रुपये ऋण के स्वीकृति पत्र दिए गए। साथ ही, मुकेश कुमार विश्वकर्मा व धर्मेंद्र कुमार सैनी को हस्तशिल्प के लिए ओडीओपी योजना के तहत टूलकिट उपलब्ध कराए। उन्होंने अपने हुनर के बलबूते रोजगार प्राप्त किए प्रवासी श्रमिक बघरौन निवासी अरविंद राजपूत और मनमोहन विश्वकर्मा को सम्मानपत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। ये लोग हरियाणा और गुजरात से कोरोना महामारी के चलते रोजगार छोड़कर घर वापस आये हैं। इस दौरान सीडीओ हीरा सिंह, एलडीएम अनूप यादव, पीडी डीएन पांडेय, डीसी मनरेगा अजय प्रताप सिंह, उपायुक्त उद्योग विमल द्विवेदी, सूचना अधिकारी सतीश यादव, वैष्णों मेटल्स के संचालक सुलभ सक्सेना सहित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।