दो-दो फुट गहरे गड्ढों में भरे पानी से बचकर निकलते राहगीर
- फोटो : MAHOBA
बेलाताल (महोबा)। मुख्य मार्ग पर दो-दो फुट गहरों गड्ढों में मामूली बारिश से जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में काफी दिक्कतें हो रही हैं। गड्ढों पर दोपहिया वाहन सवार फंसकर चुटहिल हो रहे हैं। लोक निर्माण विभाग गड्ढों को भराने में उदासीन है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
कस्बा जैतपुर-कुलपहाड़-नौगांव मार्ग पर गहरे गड्ढे दुर्घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मंडी परिषद से पेट्रोल पंप तक एक किलोमीटर सड़क में दो-दो फुट गहरे गड्ढे हैं। वाहन चालकों को गहराई का अनुमान न होने से वह गड्ढों में गिरकर घायल हो जाते हैं। खराब सड़क के कारण राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. कौशल सोनी का कहना है कि बारिश के पूर्व अगर लोक निर्माण विभाग गड्ढों की भराई कर देता तो ग्रामीणों के सामने ऐसी समस्या पैदा नहीं होती। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सलीम अली का कहना है कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। फिर भी जल्द ही समस्या का निराकरण कराया जाएगा।