महोबा। उत्तर-मध्य रेलवे की ओर से रेलवे स्टेशन झांसी के प्लेटफार्म-नंबर एक का ट्रैक गिट्टी-रहित बनाया जाएगा। इससे 20 नवंबर से 35 दिन के लिए झांसी जंक्शन से ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। कुछ ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलेंगी। इसमें रेलवे स्टेशन महोबा से गुजरने वाली तुलसी एक्सप्रेस व बरौनी मेल ट्रेनें शामिल हैं।
अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश कुमार ने बताया कि स्टेशन झांसी के प्लेटफार्म-नंबर एक का रेलवे ट्रैक गिट्टी रहित नहीं है और जल निकासी व्यवस्था भी अवरुद्ध है। प्लेटफार्म-नंबर एक के ट्रैक को रेलवे की ओर से गिट्टी-रहित ट्रैक बनाया जाएगा। इसके चलते 20 नवंबर से 35 दिन के लिए झांसी जंक्शन से गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। इसमें महोबा-झांसी ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं। इस दौरान अप-डाउन ग्वालियर-बरौनी ट्रेन ग्वालियर-इटावा-कानपुर सेंट्रल के रास्ते चलेगी जबकि अप-डाउन तुलसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ललितपुर-खजुराहो-महोबा के रास्ते चलेगी। प्लेटफार्म-नंबर एक का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन पहले की तरह होगा।