नोटबंदी के बाद बैंकों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। भीड़ बैंकों में जुट रही है। अभी भी बैंकों का पैसा खत्म हो जाने के कारण लाइन लगाए लोगाें को अपना ही पैसा नहीं मिल पा रहा है। नोटबंदी के बाद शादी विवाह के लिए पैसा निकालने वाले सबसे ज्यादा परेशान हैं। ढाई लाख रुपये तक
बैंक से शादी के लिए पैसा निकालने की छूट तो दे दी गई। लेकिन, पैसा खाताधारक को न देकर टेंट संचालक, भोजन बनाने वाले, डीजे संचालक, खाद्यान्न विक्रेता, वीडियोग्राफी, ज्वैलरी विक्रे ता जैसे तमाम लोगों के खाते मांगे जाने लोग परेशान हैं। मंगलवार को सुबह से ही बैंकों में भारी भीड़ लग गई।
इलाहाबाद बैंक महोबा, इलाहाबाद बैंक खरेला, एसबीआई कबरई, इलाहाबाद बैंक श्रीनगर, इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक श्रीनगर सहित तमाम बैंकों में खासी भीड़ जुटी। घंटों लाइन में लगने के बाद थक चुकी महिलाएं इलाहाबाद बैंक महोबा में लाइन में ही बैठ गईं।
सीनियर सिटीजन को भी नहीं राहत
बैंकों में पैसा निकालने और जमा करने के लिए वृद्धों को कोई राहत नहीं दी जा रही है। सीनियर सिटीजन पैसा निकालने के लिए लाइन पर लग रहे हैं, उनके लिए बैंकों ने अलग से कोई व्यवस्था नहीं की। जिससे खड़े खड़े थक जाने के बाद वृद्ध लाइन में ही बैठ जाते है और बैठे-बैठे ही आगे बढ़ते है।
जीजीआईसी की गाइडों ने पिलाया पानी
पैसा निकालने के लिए दिन भर लाइन पर लगे लोगों को जीजीआईसी की गाइड छात्राओं ने शिक्षिका सरगम खरे के नेतृत्व में चाय पानी पिलाया। तेज धूप में पानी से बेहाल लोगों ने पानी पाकर राहत महसूस की।