नोट बंदी के बाद अब बैंकों ने एक्सचेंज करना बंद कर दिया है। जिससे लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। 500 और 1000 के नोट के एवज में नए नोट न मिलने से लोग खासा परेशान हैं। वहीं, जिले के डाकघरों में लेनदेन पूरी तरह से ठप है। ग्रामीण अंचलों में दो बजे से ही बैंकों का गेट बंद
कर दिया जा रहा है। बैंकों से एक्सचेंज बंद हो जाने से बैंकों की लंबी लाइनें फिलहाल कम हो गई हैं। वहीं, ग्रामीण अंचलों में खातों से एक हजार से दो हजार रुपये ही निकलने से ग्राहक खासा परेशान हैं। जिले की एसबीआई को छोड़कर अन्य बैंकों में पैसा न होने के कारण बैंक ग्राहकों को पैसा देने के बजाए सिर्फ
जमा करा रहे हैं। यही वजह है कि बैंकों में भीड़ नहीं जुट रही है। बैंक में ग्राहकों को पैसा देना और एक्सचेंज करना बंद कर दिया है।सिंडीकेट बैंक, पंजाब एण्ड सिंध बैंक, डाकघर, कैनरा बैंक, इलाहाबाद बैंकों में पैसा नहीं दिया जा रहा है। बैंक प्रबंधकों का कहना है कि पैसा न होने के कारण सिर्फ पैसा जमा
कराया जा रहा है। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक पैसा न होने से खाली पड़ी है। स्टेट बैंक शाखा जैतपुर में दो बजे बैंक का गेट बंद कर दिया गया। इससे ग्राहकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
एटीएम से भी नहीं निकल रहे पैसे
बैंकों में पैसे की कमी के चलते एटीएम की शटर गिरी पड़ी हैं। लोग एक के बाद एक एटीएम के चक्कर लगाने के बाद बैरंग लौट रहे हैं। एटीएम से भी पैसा न निकलने के कारण लोग खासा परेशान हैं।
बड़े नोटों से नहीं मिल रही खाद
सरकार के आदेश के बाद भी साधन सहकारी समितियों ने 500 और 000 के नोट पर खाद नहीं मिल रही है। जिससे किसान बिना खाद लिए वापस लौट रहे हैं। दो दिन पहले केंद्र सरकार ने खाद बीज बड़े नोटों में भी दिए जाने के आदेश जारी कर दिए। लेकिन, यहां की सहकारी समितियों के सचिव पुराने नोट नहीं ले रहे हैं। उनका कहना है कि उनके पास कोई ऐसा आदेश नहीं आया है।