संवाद न्यूज एजेंसी
बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर में चल रहे 15 दिवसीय मेले में आयोजित दंगल के अंतिम दिन रविवार को 12 से अधिक कुश्तियां हुईं। इसमें दूर-दराज से आए पहलवानों ने दांवपेच दिखाए। अयोध्या के पहलवान भूपेंद्र ने राजस्थान के राजू को पटकनी देकर कुश्ती जीती। आयोजन समिति की ओर से विजेता पहलवानों को शील्ड और नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया गया।
दूसरे दिन दंगल का शुभारंभ हमीरपुर-महोबा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने किया। उन्होंने कहा कि पहलवान कठिन दौर में मेहनत व परिश्रम करके अखाड़े से जुड़े हैं। पहली कुश्ती उन्नाव के लवकुश और गुढ़ा के महेंद्र पहलवान के बीच हुई। नौ मिनट तक चली जोर-आजमाइश के बाद कुश्ती बराबरी पर छूटी। दूसरी कुश्ती में राजस्थान के पहलवान ठाकुर ने कानपुर के हनुमान को चित किया। महिला पहलवानों के बीच हुई कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही।
कानपुर की खुशी पहलवान ने दिल्ली की पूनम को पटकनी दी। लखनऊ की अदिति पहलवान ने बिहार की अन्नू को हराया। गुढ़ा के कपिल पहलवान ने उन्नाव के लवकुश को चित कर कुश्ती जीती। मुरादाबाद के खालिद ने मथुरा के विकास को हराया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख संदीप राजपूत, ग्राम प्रधान छोटेलाल, चक्रपाणि त्रिपाठी, कामता कुशवाहा समेत सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।