पनवाड़ी (महोबा)। लंबे समय से लंबित मांगें पूरी न होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। आशा हेल्थ वर्कर एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष शीलादेवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर सीएचसी पनवाड़ी अधीक्षक डॉ. आरजी शंखवार को ज्ञापन सौंपा, जिसमें समस्याओं के निस्तारण कराने की मांग की।
चिकित्सा अधीक्ष को सौंपे ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वे लंबे समय से अपनी मांगों को शासन-प्रशासन के सामने रख रहीं हैं लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। इससे पहले राजधानी लखनऊ के ईको गार्डन में भी आशा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर अपनी मांगों को उठाया था। आशा कार्यकर्ताओं ने उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेने की मांग की है।