महोबा। शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में संचालित उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज के अध्ययन केंद्र में विभिन्न कोर्सों में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया गया है। विवि की ओर से आवेदन की अंतिम तिथि सात सितंबर कर दी गई है।
वीरभूमि महाविद्यालय के समन्वयक प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि यूपीआरटीओयू की ओर से सत्र जुलाई-2026 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित थी, फिर इसे 30 अगस्त किया गया। अब प्रवेश के लिए छात्रों को एक और मौका दिया गया है। अब छात्र-छात्राएं सात सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
अध्ययन केंद्र में प्रवेश लेकर छात्र-छात्राएं दूरस्थ शिक्षा से घर बैठे पढ़ाई कर सकते हैं। यहां बीए, बीएससी, बीकॉम, बीलिब, एमए, एमएससी, एमकॉम व एकल विषय में स्नातक डिग्री कर सकते हैं। इसके अलावा पर्यटन और फैशन डिजाइनिंग, टेक्सटाइल में डिप्लोमा, एमएसडब्ल्यू, एमए शिक्षा शास्त्र, योग आदि विषयों में प्रवेश दिया जाएगा।
यूपीआरटीओयू से कोर्स करने वाले सभी छात्रों को विश्वविद्यालय की ओर से निशुल्क पाठ्यक्रम पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। रोजगारपरक उपयोगी कोर्स और विभिन्न विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर व डिप्लोमा के लिए यूपीआरटीओयू की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। साथ ही इसकी हार्डकॉपी अध्ययन केंद्र में जमा करानी होगी।