चरखारी (महोबा)।
एंटी भू- माफिया टीम ने अभियान चला तहसील क्षेत्र के ग्राम गोरखा और गौरहारी में अवैध कब्जों को हटाया। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। अभियान के दौरान कब्जेदारों में खलबली मची रही।
राजस्व निरीक्षक अब्दुल मजीद, लेखपाल इंद्रपाल वर्मा, मयंक वर्मा, लक्ष्मण सिंह यादव, सुभाष यादव की टीम के साथ एसआई अमित द्विवेदी, कांस्टेबल रामनरेश, राजू राठौर आदि ने ग्राम गोरखा के अंबेडकर पार्क की सरकारी भूमि की पैमाइश की।
पार्क में अनाधिकृत रूप से कब्जा किए वंशगोपाल, बालभद्र, धर्मपाल व रजपाल के कब्जों को हटवाया। टीम ने पहाड़ी के किनारे सरकारी भूमि पर पैमाइश करने पर दान सिंह अहिरवार, अमरचंद तथा देवीदीन के अनाधिकृत कब्जे को ढहा दिया।
इसी प्रकार योगेंद्र मिश्रा की शिकायत पर एसडीएम चरखारी के निर्देश पर एंटी भू- माफिया टीम ने गौरहारी पहुंचकर गाटा संख्या 839 रकवा 0.028 हेक्टेयर चकरोड और 838 बंजर भूमि की नाप की और चकरोड के रास्ते की नाप कर अवैध कब्जा हटवाया गया। जिससे ग्रामीण संतुष्ट नजर आए। टीम में कानूनगो रामतीर्थ यादव, देशराज, आलोक सोनकिया, लेखपाल महाराज सिंह, राम नारायन यादव के अलावा पुलिस फोर्स शामिल रहा।