महोबा। जिला महिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए खुशखबरी है। अस्पताल में एक और सिलेक्ट्रा बायोकेमिस्ट्री मशीन आने से महिला मरीजों की ब्लड सैंपल की जांच आसानी से हो सकेगी।
इस मशीन में एक बार में 50 ब्लड सैंपलों की जांच आसानी से होती है। ऐसे में मरीजों की कम समय में ब्लड सैंपल की जांच हो सकेगी।
जिला महिला अस्पताल के पैथोलॉजी में अभी तक महज एक ही सिलेक्ट्रा बायोकेमिस्ट्री मशीन थी।
अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 250 से 300 महिला मरीज इलाज के लिए आती हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से एक और सिलेक्ट्रा बायोकेमिस्ट्री मशीन की मांग को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया था।
अब जिला महिला अस्पताल में एक और सिलेक्ट्रा बायोकेमिस्ट्री मशीन आ गई है। महिला मरीजों की लीवर, किडनी, कोलेस्ट्रोल, सीआरपी, आरएच फैक्टर, शुगर, यूरिक एसिड, पीलिया, प्रोटीन, क्रेटनिन, ट्राइग्लिसराइड, एचडीएल, एलडीएल आदि महत्वपूर्ण जांचें हो सकेंगी। अस्पताल प्रशासन की ओर से यहां नियमित लैब टेक्नीशियन की तैनाती किए जाने की मांग भी उच्चाधिकारियों से की गई है।
उधर, सीएमएस डॉ. एसपी सिंह का कहना है कि मशीन आई है। एक-दो दिन में मशीन को इंस्टॉल करने के लिए इंजीनियर आएंगे। इसके बाद नई मशीन से भी ब्लड सैंपल की जांच शुरू हो जाएगी।