महोबा। जिले में हुए करोड़ों रुपये के फसल बीमा घोटाला के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस दस आरोपियों को जेल भेज चुकी है लेकिन बीमा कंपनी का जिला प्रबंधक अब तक पुलिस की पकड़ से दूर है।
जिले में घोटालेबाजों ने वन भूमि, पहाड़, मंदिरों की भूमि और ग्राम सभा की भूमि पर फर्जी तरीके से बीमा कराकर लाखों का क्लेम हड़प लिया। इस फर्जी फसल बीमा मामले में अब तक कुछ छह एफआईआर दर्ज हुईं। इनमें बीमा कंपनी के जिला प्रबंधक निखिल चतुर्वेदी समेत 26 लोगों को नामजद किया गया है। मामले में अब 11 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं, किसान यूनियन मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रही है। कोतवाली प्रभारी चरखारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि फर्जी फसल बीमा के मामले में फरार चल रहे आरोपी को कस्बे से गिरफ्तार किया गया है। जनपद चित्रकूट के कसहाई गांव निवासी श्रीकांत वर्मा उर्फ संदीप इस मामले में फरार था। जिसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।