बेलाताल (महोबा)। आपस में लड़ रहे दो अन्ना जानवरों की चपेट में आने से कोचिंग पढ़ने जा रहा छात्र बुरी तरह घायल हो गया। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमलाकर छात्र को अन्ना पशुओं से बचाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कस्बे के मोहल्ला घुसयानापुरा निवासी अभिषेक (15) सिद्घगोपाल रिछारिया इंटर कॉलेज जैतपुर में कक्षा 10 का छात्र है। बुुधवार को अभिषेक साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए जैसे ही घर से निकलकर सड़क पर पहुंचा। वहां अन्ना जानवरों के खड़े झुंड में दो अन्ना पशु आपस में भिड़ गए और साइकिल सवार छात्र पशुओं की चपेट में आ गया। जिससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। पशुओं की लड़ाई में उसकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
छात्र को अन्ना पशुओं के बीच गिरा देख आसपास के लोगों ने लाठी-डंडों से पशुओं को हटाकर छात्र को बचाया लेकिन छात्र के सिर के अलावा कई स्थानों पर चोटे आईं। उसे आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत में सुुधार बताया जा रहा है। अक्सर अन्ना पशुओं के सड़कों पर लड़ जाने से पूर्व में भी लोग घायल हो चुके हैं।