खरेला (महोबा)। विकासखंड चरखारी के ग्राम बसौठ में रविवार की रात अन्ना जानवरों ने आधा दर्जन किसानों की खेतों में लहलहा रही गेंहू, चना व मटर की 40 बीघा की फसल चट कर दी। फसल बर्बाद होने से किसान परेशान हैं।
सूचना पर एसडीएम ने गांव पहुंच जांच की। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत को उपलब्ध बजट से गोशाला निर्माण कराने के निर्देश दिए। कहा कि हर हाल में अन्ना जानवरों को रोका जाए। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। बसौठ गांव में गोशाला का संचालन नहीं किया जा रहा है। इससे सैकड़ों पशु खुले में घूम रहे हैं। दिनरात रखवाली के बाद भी किसानों की फसल नहीं बच पा रही हैं। रविवार की रात दर्जनों की संख्या में अन्ना पशु किसानों के खेतों में घुस गए और लहलहा रही फसल चट कर दी। किसान रामबाबू ने बताया कि उसकी आठ बीघा में मटर की फसल लगी थी, जिसे अन्ना जानवर चट कर गए हैं। इसी तरह किसान उमाशंकर की पांच बीघा, राममिलन की चार बीघा चना की फसल, गंगा यादव की पांच बीघा मटर की फसल, दद्दी राजपूत के 10 बीघा में लगी चना की फसल व चंदू कुशवाहा के आठ बीघा में लहलहा रही गेहूं की फसल अन्ना जानवर चट कर गए।
सोमवार की सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो अन्ना पशुओं को खेतों में देखा। फसल बर्बाद मिलने पर किसानों के होश उड़ गए। कुछ लोगों ने फसल चरते अन्ना जानवरों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम चरखारी राजेश कुमार यादव को जांच के लिए भेजा। एसडीएम ने गांव पहुंच किसानों से जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत द्वारा गोशाला का निर्माण न कराए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने शीघ्र गोशाला का संचालन कराने के निर्देश दिए।