फोटो 14 एमएएचपी 05 परिचय-शिविर में बोलते पूर्व सांसद।
आरोग्य शिविर में 1,578 पशुओं का परीक्षण
- शिविर में पशुपालकों को दी गई योजनाओं की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवारा (महोबा)। विकास खंड पनवाड़ी के मुख्यमंत्री समग्र ग्राम भरवारा में पशु आरोग्य शिविर व मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 1,578 पालतू पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं दी गईं। इस दौरान पशुपालकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
ब्लाक स्तरीय पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश तिवारी ने किसानों को पशुपालन व पालतू जानवरों के रख-रखाव की जानकारी दी। मेले का शुभारंभ पूर्व सांसद गंगाचरन राजपूत ने गोमाता का पूजन करके किया और गोशाला में जाकर अन्ना मवेशियों को गुड़ खिलाया। पूर्व सांसद ने पशुपालन विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को पशुपालन संबंधी जानकारियां होती हैं।
पशु चिकित्साधिकारी ने पशुओं के प्रजनन व नस्ल सुधार की जानकारी दी। कहा कि किसान दुधारु पशु पालकर अधिक लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने पालतू मवेशियों के ठंड से बचाव और उनको ठंड में दिए जाने वाले चारे के बारे में जानकारी दी। पशु चिकित्सा अधिकारी खरेला डॉ. रविंद्र ने पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं को लगाए जाने वाले टीकों के बारे में बताया। इस मौके पर एसडीएम मोहम्मद उवैस, ग्राम प्रधान हीरालाल राजपूत, डॉ. अरविंद्र, डॉ. रामसिंह, रतन सिंह, वीर प्रताप सिंह, रविन्द्र सिंह, भानु प्रताप, लेखपाल रामबाबू, ग्राम विकास अधिकारी दयाशंकर जायसवाल सहित तमाम पशुपालक शामिल हुए।