महोबा। शनिवार को विस्फोटक से भरी पकड़ी गई गाड़ी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। कोतवाली महोबा में पति-पत्नी समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। उधर माता-पिता पर मुकदमा दर्ज होने से गुस्साए बेटे ने कबरई तिराहे में गाड़ियों की चेकिंग कर रही पुलिस पर आल्टो कार चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। बाद में पुलिस ने कार मालिक समेत दो लोगों पर थाना कबरई में जान से मारने का प्रयास करने का मुकदमा दर्ज कराया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के डहर्रा गांव के पहाड़ में खनन के लिए चार पहिया गाड़ी में विस्फोटक सामग्री ले जाते समय सूचना मिलने पर शनिवार को कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर गाड़ी को बरामद कर लिया। जिसमें भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री ईडी, डायनामाइट सेल 35 बोरी, विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया। पुलिस ने एक व्यक्ति को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस को देखकर भाग निकले अभियुक्तों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।
शनिवार की रात को कोतवाली महोबा में सब इंस्पेक्टर अंबुज कुमार शर्मा ने गाड़ी मालिक सुधा सविता, उनके पति मैग्जीन संचालक केशव सविता, उमाशंकर, मनोज द्विवेदी, अनंतराम शुक्ला और सत्यनारायण शुक्ला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। माता-पिता पर कोतवाली महोबा में मुकदमा दर्ज होने से गुस्साएं बेटे डब्बू सविता ने कबरई तिराहे पर चेकिंग कर रही पुलिस पर आल्टो कार चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस के पीछा करने पर भाग रहे कार चालक ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद दूसरे बाइक चालक बाबूराम टक्कर मारी। जिससे वह गिकर कर घायल हो गया। बाद में पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। थानाध्यक्ष कबरई यूपी सिंह ने डब्बू पुत्र केशव सविता व विमल पुत्र केशव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।