महोबा। विकासखंड कबरई के ग्राम तमौरा में चार माह से राशन सामग्री का वितरण न करने और राशन सामग्री में अनियमितताएं किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। कोटेदार के खिलाफ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण शिवसिंह, राजबहादुर, जगदेव, जयराज, अवधेश, मुन्नी, सियासखी, रामदुलारी, रामदेवी ने ज्ञापन में बताया कि कोटेेदार जगदीश सिंह दबंग किस्म का कोटेदार है। बताया कि कार्ड धारकों को हर माह राशन सामग्री वितरित नहीं की जाती है। इसका विरोध करने पर कार्ड धारकों के साथ कोटेदार द्वारा अभद्रता की जाती है। कार्ड धारकों को तीन से चार माह तक की राशन सामग्री नहीं मिली है। मांगने पर गालीगलौज कर झगड़ा करते हैं और महज मिट्टी का तेल दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार द्वारा पूछने पर अक्सर गल्ला, चावल व मिट्टी का तेल अभी नहीं आया है। जब आएगा तब मिलेगा। कोई तिथि न बताए जाने के कारण कार्डधारक चक्कर काटकर घर बैठ जाते हैं। जिससे हर माह तमाम राशन कार्डधारक राशन सामग्री से वंचित हो जाते हैैं। ग्रामीणों ने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।