महोबा। शहर के मोहल्ला दुबयानापुरा में शुक्रवार की रात तेज आंधी व झमाझम बारिश से छह मकान क्षतिग्रस्त हो गए। बरगद का एक पेड़ गिर गया। वृद्धा भी घायल हो गई।
शुक्रवार की रात डेढ़ बजे तेज आंधी के साथ बारिश से शहर के दुबयानापुरा में पेड़ गिरने से राजकुमार द्विवेदी, जयप्रकाश, अशोक कुमार, अवधेश द्विवेदी, अंबकेश व अनिल द्विवेदी के मकानों में हजारों की क्षति हुई है। मलबे की चपेट में आने से जयप्रकाश की मां तारा देवी घायल हो गई। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद भी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। पीड़ितों ने पेड़ गिरने से हुए नुकसान का सर्वे कराकर सरकारी सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
वहीं बिजली लाइन में कई स्थानों पर फाल्ट होने से पूरी रात शहर व ग्रामीण क्षेत्र अंधेरे में डूबे रहे। शहर की बिजली आपूर्ति आठ घंटे बाद सुबह साढ़े नौ बजे बहाल हो सकी जबकि कस्बा बेलाताल के कई फीडरों से निकली लाइन में फाल्ट होने से 24 से अधिक गांव अंधेरे में डूबे रहे।
बारिश से भींगा किसानों का गेहूं
महोबा। जिले के 44 केंद्रों में किसानों के गेहूं खरीद का काम चल रहा है। गेहूं बेचने के लिए किसानों को एक से दो दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। जिससे किसान क्रय केंद्र के बाहर ही डेरा जमा लेते हैं। शुक्रवार की रात हुई झमाझम बारिश से किसानों का खुले में रखा सैकड़ों क्विंटल गेहूं भींग गया। कुछ किसानों ने पॉलिथीन व तिरपाल ढांककर अपने गेहूं का बचाव किया। बैंदों क्रय केंद्र में टीनशेड के नीचे रखा 50 बोरा गेहूं तेज आंधी के साथ बारिश होने से भींग गया। जिसे सुखाने में कर्मचारी जुटे रहे।