महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के कस्बा बेलाताल में घर के बाहर खेल रही मासूम की बाइक की टक्कर से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।
कस्बा बेलाताल निवासी साकिब की ढाई साल की बेटी आफरीन सोमवार की सुबह घर के बाहर खेल रही थी। तभी सड़क से गुजर रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने मासूम बालिका को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुन परिजन अचेत अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाताल ले गए। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के मामा हैदर हुसैन ने बताया कि बाइक की टक्कर से भांजी की मौत हुई है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस दुर्घटना की जांच व आगे की कार्रवाई में जुट गई है।