महोबा। बुंदेलखंड की पठारी धरती पर एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार की रात अचानक आसमान में बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश हुई। जिससे सड़कें गीली हो गईं। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को जनपद में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।
माह फरवरी की शुरूआत में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे है। रविवार की रात करीब एक बजे हल्की बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घंटे तक बारिश हुई। इसके बाद बूंदाबांदी होती रही। इस दौरान सोमवार की सुबह कोहरा छाया रहा। हालांकि, सुबह नौ बजे के बाद कोहरा छट गया लेकिन पूरे दिन आसमान पर बादल छाए रहे। शाम के समय सर्द हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई। इस दौरान मौसम का अधिकतम तापमान 23 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता 80 फीसदी और हवाओं की रफ्तार पांच किमी प्रति घंटा रही। मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को ओलावृष्टि, मेघगर्जन के साथ ही वज्रपात की संभावना जताई गई है। उधर, कृषि विज्ञान केंद्र बेलाताल के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एसपी सोनकर का कहना है कि आगामी तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। हल्की बारिश की भी संभावना है।