विधानसभा चरखारी में शनिवार को होने वाले उपचुनाव के लिए 379 मतदेय स्थलाें के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। मतदान केंद्राें पर समय से पोलिंग पार्टियाें को भेजने के लिए सुबह सात बजे से ही कर्मचारी पहुंच गए।
चुनाव ड्यूटी में लगाए गए सभी कर्मचारी सुबह 6 बजे ही पॉलीटेक्निक परिसर पहुंच गए। जहां पर कर्मचारियों को ईवीएम, रजिस्टर व अन्य चुनाव सामग्री वितरित की गई। चुनाव ड्यूटी में लगाई गई कुछ कर्मचारी अपने छोटे बच्चों को लेकर ड्यूटी कटवाने को पालीटेक्निक पहुंची। जहां चुनाव ड्यूटी कटवाने के लिए महिलाओं में होड़ मची रही। महिला कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें चुनाव ड्यूटी से कोई ऐतराज नहीं है। बल्कि रात में ग्रामीण अंचलाें में रुकना रास नहीं आ रहा है। वहीं ड्यूटी में पर्याप्त बसें न मिल पाने से महिला कर्मचारियों को ट्रक में जाना पड़ा।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें रहेंगी तैयार
उपचुनाव के दौरान ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारियाें को किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत न हो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की पांच टीमें बनाई गई हैं। जो विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं मुहैया कराएंगी। इसके साथ ही एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। जिससे जरूरत पड़ने कर्मचारियों को तुरंत सुविधा दी जा सके। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्राें पर भी अलग से दवाआें की व्यवस्था की गई है। जिससे मतदान के दिन किसी भी तरह की दिक्कत न हो।
पेड़ाें की छाया तलाशते रहे कर्मचारी
चुनाव ड्यूटी में लगाए गए कर्मचारी तेज धूप के चलते पेड़ों की छाया तलाशते नजर आए। पालीटेक्निक परिसर में कर्मचारियों को बैठने के लिए लगाए गए टेंट तेज धूप से तप रहे थे। जिससे कर्मचारी पेड़ों की छाया में बैठकर सामग्री चेक करते नजर आए। वहीं कई कर्मचारियों ने ईवीमए को चलाकर ट्रायल किया॥