अनोखी विदाई: विदा होकर औरैया पहुंची दुल्हन, देखने के लिए उमड़ा जनसैलाब
फोटो 25 एमएएचपी 15 परिचय-विदाई के बाद हेलीकाॅप्टर से रवाना होते दूल्हा-दुल्हन। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखारी (महोबा)। बुंदेलखंड का कश्मीर कहे जाने वाले कस्बा चरखारी में बुधवार को एक दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से हुई। इसे देखने के लिए कस्बे के लोग विवाहस्थल पर एकत्र हो गए। हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई के चलते यह शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।
चरखारी क्षेत्र के ग्राम भटेवरा के पूर्व प्रधान दिनेश राजपूत की बेटी आकांक्षा राजपूत का विवाह औरैया जिले के अजीतमल क्षेत्र के आदमपुर गांव निवासी निर्वेश राजपूत के साथ तय हुआ था। मंगलवार को कस्बे के गोवर्धननाथ जू मंदिर प्रांगण में आयोजित समारोह में विधि-विधान से विवाह कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के बाद बुधवार को आकांक्षा की विदाई होनी थी लेकिन मौके पर न तो दुल्हन को ले जाने के लिए कोई कार सजाई गई और न ही कोई डोली का इंतजाम था। इसी बीच अचानक ही आसमान में हेलीकॉप्टर मंडराता दिखाई दिया। कुछ ही देर में विवाह आयोजन स्थल से कुछ दूरी पर बनाए गए हेलीपैड पर यह हेलीकॉप्टर उतर गया। हेलीकॉप्टर उतरने की जानकारी मिलते ही लोगों की भारी भीड़ यहां पर जुटने लगी। लोग सेल्फी-फोटो ले रहे थे। इसी बीच आकांक्षा की विदाई हुई और दूल्हा निर्वेश के साथ हेलीकॉप्टर में बैठकर आसमान में उड़ गई।