-दस दिन में दोगुने हो गए दाम, 20 से 40 रुपये किलो बिक रहा प्याज
-अन्य हरी सब्जियों के दाम बढ़ने से स्वाद संग थाली की सजावट बिगड़ी
फोटो 28 एमएएचपी 01 परिचय-बाजार में सब्जी की दुकान से खरीदारी करता ग्राहक। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। टमाटर की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों को अब प्याज की महंगाई ने भी झटका दिया है। दस दिन में प्याज के दाम दोगुने हो गए। जो प्याज कुछ दिन पहले 20 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, अब 40 रुपये किलो पहुंच गया। वहीं हरी सब्जियों की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी से लोगों के रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
सब्जी मंडियों व फुटकर बाजारों में इन दिनों अधिकांश सब्जियां महंगे दामों पर बिक रही हैं। शिमला मिर्च जो पहले 80 रुपये किलो थी अब 160 रुपये किलो तक पहुंच गई है। इसी तरह फूलगोभी के दाम 60 से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो हो गए। भिंडी, लौकी, परवल और अन्य हरी सब्जियों के दामों में भी 20 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
गृहिणी कांति मिश्रा, दीपा, राधा आदि कहती हैं कि रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियां खरीदना भी मुश्किल हो रहा है। काशी, प्रेम, रानीबाई आदि सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि महंगाई की मुख्य वजह मंडियों में सब्जियों की कम आवक है। भीषण गर्मी के कारण पैदावार प्रभावित हुआ है। इससे आपूर्ति घट गई है। इसके अलावा सहालग शुरू होने से कीमतों पर असर पड़ा है। मांग की तुलना में आपूर्ति कम होने से दामों में तेजी बनी है। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में आवक नहीं बढ़ी तो सब्जियों की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में महंगाई का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।