महोबा। नवीन शिक्षण सत्र में इस बार शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में स्नातक की 1,320 और स्नातकोत्तर की 240 सीटों पर नए प्रवेश लिए जाएंगे। माह जुलाई के प्रथम सप्ताह में मेरिट जारी होगी। इसके बाद दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होगी।
वीरभूमि महाविद्यालय में प्रवेश को लेकर छात्रों का ज्यादा रुझान रहता है। हालांकि, अभी आवेदन प्रक्रिया चल रही है। जुलाई के प्रथम सप्ताह में मेरिट लिस्ट जारी होते ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय शहर का इकलौता राजकीय महाविद्यालय है। यहां बीए प्रथम सेमेस्टर में 720, बीएससी गणित में 240, बीएससी बायोलॉजी में 240 व बीकॉम में 120 सीटों पर प्रवेश होंगे।
वहीं, स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रथम सेमेस्टर में एमकॉम में 60, एमए हिंदी में 60, राजनीति विज्ञान में 60 और अर्थशास्त्र में 60 सीटों पर प्रवेश लिए जाएंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी चित्रकूट व झांसी मंडल प्रो. सुशील बाबू का कहना है कि विश्वविद्यालय की ओर से अभी आवेदन प्रक्रिया कराई जा रही है। माह जुलाई के प्रथम सप्ताह में विश्वविद्यालय की ओर से मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची में जिन छात्रों का नाम शामिल होगा उन्हें महाविद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा।