महोबा। होली को लेकर जिलास्तरीय पीस कमेटी व शांति व्यवस्था की बैठक जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें रंगों के पर्व को मिलजुलकर मनाने की अपील की गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि पर्व में आपसी भाईचारा कायम रखें। कोई व्यक्ति पर्व नहीं मनाना चाहता तो उसके साथ जबरजस्ती न करें और किसी प्रकार के केमिकल का प्रयोग न करें। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिन कबूतरा डेरों में शराब बनाने की भट्ठियां चल रहीं हैं, उन्हें अभियान चलाकर नष्ट किया जाए। डीएम ने नगर पालिका व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को पर्व के दौरान बेहतर साफ सफाई व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध व समर्थन में किसी प्रकार की रैली व आंदोलन न होने पर सभी धर्मों के लोगों व समाजसेवियों को बधाई देते हुए अमन चैन बनाए रखने की अपील की। एसपी मणिलाल पाटीदार ने कहा कि हम सब लोग इस त्योहार में अपने अंदर की बुराइयां निकाल कर अच्छाइयों को अपनाते हैं। बैठक में सीडीओ हीरा सिंह, अपर जिलाधिकारी रामसुरेश वर्मा, सभी एसडीएम, समाजसेवी शरद तिवारी, रामजी गुप्ता, शहर काजी आफाक हुसैन, सेवक नंदवानी, बोबी साहू आदि मौजूद रहे।