महोबा। जिले के सहकारी संघ जैतपुर से 80 बोरी खाद गायब होने के मामले में केंद्र के सचिव पर कार्रवाई की गई है। सचिव को खाद वितरण कार्य से हटा दिया गया है। उनके स्थान पर मगरौल के सचिव को प्रभार दिया गया है। गड़बड़ी करने वाले सचिव को निलंबित करने के लिए सहकारी संघ के बोर्ड को पत्र भेजा गया है।
इन दिनों जिले के किसान फसलों की बाेआई के लिए खाद न मिलने से परेशान हैं। सहकारी समितियों में खाद वितरण में मनमानी के मामलों के बीच पीसीएफ संघ जैतपुर में किसानों को बांटने के लिए आई 500 बोरी खाद में से 80 बोरी खाद 17 अक्तूबर को गायब हो गई थी। इसके बाद हरकत में आए अधिकारियों ने जांच शुरू की। सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता विनय कुमार तिवारी ने मामले की जांच अपर जिला सहकारी अधिकारी वीरेंद्र सिंह को सौंपी। वीरेंद्र सिंह ने केंद्र पहुंचकर यहां प्राप्त और वितरित की गई खाद से संबंधित दस्तावेज, स्टॉक पंजिका, शेष बची खाद आदि के बारे में जानकारी जुटाई। उनकी जांच में केंद्र प्रभारी राजकिशोर दुबे की भूमिका संदिग्ध पाई गई। सहायक आयुक्त सहकारिता विनय तिवारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर केंद्र के प्रभारी राजकिशोर दुबे के हस्ताक्षर अमान्य कर दिए गए हैं और उन्हें खाद वितरण कार्य से हटा दिया गया है। अब इस केंद्र में खाद वितरण की जिम्मेदारी सहकारी संघ मंगरौल में तैनात सचिव मथुरा प्रसाद कुशवाहा को सौंपी गई है। बताया कि राजकिशोर दुबे सहकारिता बोर्ड का कर्मचारी है। इसलिए राजकिशोर को निलंबित करने के लिए बोर्ड को पत्र भेजा गया है।