महोबा। डिपो से बांदा जा रही बस में 40 यात्री बिना टिकट पकड़े जाने पर इस रूट के चार टीआई पर गाज गिर गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक बांदा अशोक कुमार ने चारों को निलंबित कर दिया है। एआरएम महोबा ने चालक, परिचालक का रूट आफ की कार्रवाई की है। वहीं, अब चालक परिचालक पर संविदा समाप्ति की कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
गुरुवार को महोबा से चलकर बांदा जा रही बस संख्या यूपी 95 बी 3468 में जनपद बांदा के मटौध बस स्टैंड से पचास मीटर की दूरी पर लखनऊ मुख्यालय से आई टीम में शामिल टीएस चंद्र प्रकाश ने चेकिंग की थी। जिसमें टीम को बस में 40 यात्री बिना टिकट पाए गए थे।
इसको लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक बांदा अशोक कुमार ने टीआई जेपी पांडेय, मूवीन अहमद, जेके गुप्ता और डीआर सिंह को निलंबित कर दिया है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महोबा हेमंत मिश्रा ने चालक मो. इसराइल व परिचालक देवेन्द्र तिवारी पर रूट आफ की कार्रवाई की है। वहीं अब चालक परिचालक पर संविदा समाप्ति की तलवार लटक रही है। मामले की जांच पूरी होने पर संविदा समाप्ति हो सकती है। इसके साथ ही अन्य कई अधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है। वहीं कार्रवाई को लेकर परिचालक देेवेन्द्र तिवारी ने एआरएम को प्रार्थना पत्र देकर खुद को निर्दोष बताया है।