महोबा। पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के चार दिन शेष हैं। ऐसे में जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जैतपुर ब्लॉक में मतपत्रों के पैकेट बनाने का कार्य देखा। साथ ही कुलपहाड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज में बने मतगणना केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने चुनाव में चाक चौबंद व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
जैतपुर ब्लॉक में निरीक्षण करने पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान कार्मिक सावधानी पूर्वक बूथवार मतपत्रों का मिलान करके पैकेटिंग करना सुनिश्चित कराएं। प्रत्येक ब्लॉक में एक मास्टर रजिस्टर बनाया जाए, जिसमें मतपत्रों का पैकेट संबंधी ब्यौरा दर्ज किया जाए।
राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज स्थित मतगणना केंद्र में उन्होंने बैरिकेडिंग, पार्किंग, वाहन पास, इंटरनेट व कोविड हेल्प डेस्क आदि व्यवस्था का जायजा लिया। इसी केंद्र से 14 अप्रैल को जैतपुर ब्लॉक की पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। उन्होंने कहा कि मतगणना केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा ली जाएं। इस मौके पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरिचरन सिंह, आरओ जिला पंचायत आरएस वर्मा, एसडीएम कुलपहाड़ मो. उवेश, बीडीओ जैतपुर बीके कुशवाहा, तहसीलदार कुलपहाड़ सुबोधमणि शर्मा आदि मौजूद रहे।