महोबा। क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद एक अप्रैल से 15 जून तक होगी। इसके चलते समर्थन मूल्य योजना के तहत गेहूं खरीद की तैयारियों को लेकर रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में केंद्र प्रभारियों को गेहूं खरीद का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डीएम ने बताया कि गेहूं की खरीद प्रक्रिया ऑनलाइन की गई है। बिना पंजीकरण व सत्यापन के गेहूं की खरीद नहीं होगी। साथ ही गेहूं खरीद के 72 घंटे के अंदर किसानों का भुगतान करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि जिले में गेहूं खरीद के लिए 44 क्रय केंद्र बनाए गए हैं, जहां पर सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खरीद होगी। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 1975 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों से छनाई, सफाई और उतराई सिर्फ 20 रुपये प्रति क्विंटल की दर से लिया जाएगा। अधिक पैसा लेने वाले केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
डीएम ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि गेहूं खरीद शुरू होने से पहले पेयजल, शेड, पार्किंग आदि व्यवस्था पूरी कर लें। खरीद के लिए गेहूं का मानक नमूना रखा जाए। इस मौके पर एसडीएम कुलपहाड़ मोहम्मद उवैस, एसडीएम चरखारी राकेश कुमार, डिप्टी आरएमओ राम कृष्ण पांडेय, एआर कोआपरेटिव आरपी गुप्ता आदि मौजूद रहे।