चरखारी (महोबा)। जिला प्रशासन 26 मई से होने वाले बुंदेलखंड युवा महोत्सव की तैयारियों में जुट गया है। सोमवार को डीएम सत्येंद्र कुमार ने सीडीओ डॉ. हरिचरण सिंह के साथ मेला परिसर स्थित रायल थियेटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पालिका के ईओ केके सोनकर को समय से रायल थियेटर की मरम्मत व अन्य व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
15 दिन तक चलने वाले बुंदेलखंड युवा महोत्सव में साहित्य समागम, बुंदेली कला, लोक संस्कृति व हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन होगा। हॉकी टूर्नामेंट के आयोजन की जिम्मेदारी मेजर ध्यानचंद्र के पुत्र अशोक ध्यानचंद्र को सौंपी गई है। बुंदेली लोक संगीत के कार्यक्रमों को भव्य रूप देने के लिए रायल थियेटर का प्रयोग किया जाएगा।
डीएम ने रायल थियेटर के निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। खामियां मिलने पर थियेटर की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही रायल थियेटर में किराए पर चल रहे एफसीआई के गोदाम को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष मूलचंद्र अनुरागी मौजूद रहे।