महोबा। डीएम सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को ग्राम पंचायत बघरौन में मिनी पंचायत सचिवालय, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय, चरखारी में आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय और सुदामापुरी में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। मिनी सचिवालय में जन सुविधा केंद्र का संचालन न होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। साथ ही सचिव को निर्देश दिया कि मिनी सचिवालय में जन सुविधा केंद्र संचालित किया जाए।
मिनी सचिवालय के निरीक्षण में डीएम ने कहा कि कर्मचारी नियमित रूप से बैठकर लोगों की समस्याओं का निस्तारण करें। आयुष्मान योजना के शेष 15 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। पंचायत बघरौन में लेखपाल राम नरेश द्वारा ग्रामीण स्टेडियम के लिए जगह खाली कराने में लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई। उन्होंने एसडीएम चरखारी को मौके पर बुलाकर तत्काल स्टेडियम की जमीन खाली कराने के निर्देश दिए।
चरखारी में आश्रम पद्धति आवासीय विद्यालय में निर्माणाधीन आवासों के निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को निर्देश दिए कि अप्रैल तक निर्माण कार्य पूरा कराया जाए। छात्रावासों की खिड़कीं व शीशे टूटे पाए जाने पर समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार को पांच दिन में मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सुदामापुरी में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। सीएमओ को निर्देश दिए कि सोमवार तक यहां आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराते हुए प्रसव का कार्य प्रारंभ कराया जाए। निरीक्षण दौरान सीडीओ डॉ. हरिचरण सिंह, एसडीएम राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।