महोबा। जिला पूर्ति अधिकारी की जांच में कबरई के शिवहरे फिलिंग स्टेशन में घटतौली पाई गई है। इस पर टीम ने पेट्रोल पंप में मशीन के दो नोजल बंद करा दिए हैं। अग्रिम कार्रवाई के लिए इंडियन आयल को पत्र भेजा गया है।
बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी राजीव तिवारी के नेतृत्व में सेल्स ऑफिसर अतुल कुमार, वरिष्ठ बाट माप निरीक्षक सूर्यभान, ओईएम शिवम आदि के साथ भगवती पेट्रोल पंप कबरई, बजरंग एड हॉक कबरई, साहू फिलिंग स्टेशन कबरई और शिवहरे फिलिंग स्टेशन कबरई का औचक निरीक्षण कर जांच की।
प्रत्येक जगह माप, डेंसिटी, स्टॉक आदि ठीक पाए गए लेकिन शिवहरे फिलिंग स्टेशन कबरई के 12 नोजल में से 2 नोजल से पेट्रोल की मात्रा निर्धारित सीमा से कम पाई गई।
इस पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 के अंतर्गत विधिसंगत कार्यवाही संस्तुत की गई है। तथा उन डिफेक्टिव नोजल से आपूर्ति बंद करवाते हुए आपूर्ति न देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी का कहना है कि अगर बार-बार ऐसा पाया जाता है तो कंपनी पंप का लाइसेंस भी रद कर सकती है।