महोबा। वीर आल्हा-ऊदल की ऐतिहासिक नगरी महोबा के पर्यटन, पुरात्ताविक व शैक्षणिक स्थल बुंदेलखंड की पहली वेब सी रीज में दिखाई देंगे। लाइट, कैमरा, एक्शन, कट, ओके की गूंज शनिवार को शहर के डीएवी इंटर कालेज में पूरे दिन सुनाई देती रही। मौका था मिसिंग चैप्टर नामक वेब सीरीज की शूटिंग का। वालीवुड के कलाकार यहां डेरा डाले हैं। डीएवी इंटर कालेज पुलिस थाने के रूप में दर्शाया गया है।
फ्लाइंग वर्ल्ड पिक्चर, मुंबई के बैनर तले बनने वाली इस वेब सीरीज में पूरी शूटिंग महोबा में की जा रही है। वेब सीरीज के निदेशक वीर महाजन ने बताया कि यह वेब सीरीज साइको किलर पर आधारित है। चार-पांच लोग दो लड़कियों का मर्डर करते हैं, इसमें सस्पेंस रहता है कि यह मर्डर किसने और क्यों किया। पूरी वेब सीरीज 25 दिन में शूट होगी। इसमें आठ एपिसोड होंगे। एक एपिसोड करीब 25 मिनट का है। मुंबई से कलाकार साहिल आनंद, गुलशन पांडेय, आकाश उर्फ अक्की नाथ सिसोदिया, आन्या तिवारी, अमित पांडेय व दिल्ली से आए अजय राजपाल को अहम किरदार दिया गया है। महोबा के कलाकार वीरू व अनीस को शूटिंग में विभिन्न किरदार निभाने का मौका मिला है। वेब सीरीज के पटकथा लेखक अफजल रिजवी हैं। दानिश सिद्दीकी प्रोड्यूसर हैं। इसमें सूफियाना सांग पर आधारित गाना भी फिल्माया जाएगा। यह वेब सीरीज मार्च-अप्रैल में लांच होगी। उधर, शनिवार को डीएवी इंटर कालेज में शूटिंग देखने तमाम लोग पहुंचे।